मंडी हत्याकांड का 12 घंटे में सनसनीखेज खुलासा : शराब, विवाद और दो कत्ल… चार आरोपी सलाखों के पीछे

हल्द्वानी। बड़ी मंडी क्षेत्र में हुए सनसनीखेज डबल मर्डर का नैनीताल पुलिस ने महज 12 घंटे में खुलासा कर दिया। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने प्रेस वार्ता में पूरे घटनाक्रम से पर्दा उठाते हुए बताया कि इस जघन्य वारदात में शामिल चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
12 फरवरी 2026 की सुबह बड़ी मंडी इलाके में एक युवक और एक युवती के शव मिलने से शहर में दहशत फैल गई थी। दोनों के सिर पत्थरों से कुचले गए थे। मृतकों की पहचान शुभम टम्टा (अल्मोड़ा) और लक्ष्मी पोखरिया (ओखलकांडा, नैनीताल) के रूप में हुई। परिजनों की तहरीर पर कोतवाली हल्द्वानी में धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
सीसीटीवी, सर्विलांस और मैनुअल इनपुट से खुला राज
एसएसपी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, मोबाइल सर्विलांस की मदद ली और मैनुअल इंटेलिजेंस के जरिए मुख्य आरोपी गौरव नेगी उर्फ अक्कू ठाकुर तक पहुंच बनाई। उसके साथ सौरभ भट्ट उर्फ भटिया, दीपू शर्मा उर्फ ध्रुव और दीपेश लटवाल उर्फ राज को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
शराब, छेड़खानी और फिर बेरहमी से कत्ल
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी शराब के नशे में थे। इसी दौरान लक्ष्मी से छेड़खानी की गई। शुभम और लक्ष्मी द्वारा विरोध करने पर विवाद हिंसक हो गया। आरोपियों ने पहले शुभम की हत्या की और फिर पहचान खुलने के डर से लक्ष्मी को भी मौत के घाट उतार दिया। सबूत मिटाने के लिए दोनों के सिर पत्थरों से कुचल दिए गए।
पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त पत्थर, मोबाइल फोन और खून से सने कपड़े बरामद कर लिए हैं।
मुख्य आरोपी पर 11 मुकदमे, गैंगस्टर एक्ट भी शामिल
मुख्य आरोपी गौरव नेगी एक आदतन अपराधी है, जिस पर 11 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें गैंगस्टर एक्ट भी शामिल है। दीपेश लटवाल पर भी एनडीपीएस समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने टीम को ₹2500 नगद पुरस्कार देने की घोषणा करते हुए सख्त संदेश दिया कि समाज में ऐसे अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। कानून से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
तेजी, तकनीकी दक्षता और सतर्कता के साथ हल्द्वानी पुलिस ने जघन्य डबल मर्डर का त्वरित खुलासा कर साफ कर दिया है कि अपराधी चाहे जितने शातिर हों, कानून की पकड़ से बच नहीं सकते।



