ब्लाइंड मर्डर का सनसनीखेज खुलासा: मंगलौर नहर पटरी में पास बरामद हुआ था शव, कप्तान नवनीत सिंह बुल्लार ने किया खुलासा

हरिद्वार/मंगलौर। नहर पटरी पीर मंगलौर के पास 17 फरवरी 2026 को मिले ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा जिले के कप्तान नवनीत सिंह ने किया। इस सनसनीखेज हत्याकांड में छपार (मुजफ्फरनगर) निवासी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त पत्थर, खून से सने कपड़े और लूटी गई 20 हजार रुपये की नगदी बरामद हुई है।
घटना के बाद मौके पर पहुंची कोतवाली मंगलौर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतक के सिर पर पत्थर से कुचलने के गहरे निशान पाए गए। बाद में शव की पहचान घोसीपुरा मंगलौर निवासी प्रदीप के रूप में हुई। परिजनों की तहरीर पर बीएनएस की धाराओं में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
*प्रभारी निरीक्षक अमरजीय सिंह के नेतृत्व में सुलझी गुत्थी*
कप्तान के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक अमरजीय सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी फुटेज और मैनुअल इनपुट खंगाले। जांच में सामने आया कि घटना वाले दिन सुबह मृतक एक अज्ञात युवक के साथ मोटरसाइकिल से घटनास्थल की ओर जाता दिखा था।
पुलिस टीम ने देवबंद तिराहे के पास संदिग्ध हुलिए के युवक को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या की वारदात कबूल कर ली।
आरोपी ने बताया कि वह सराय ज्वालापुर में किराये पर रहता है। 17 फरवरी को मुजफ्फरनगर जाने के लिए रुड़की में इंतजार करते समय उसकी मुलाकात प्रदीप से देशी शराब के ठेके पर हुई। ठेका बंद मिलने पर दोनों रामपुर चुंगी स्थित ठेके से शराब लेकर नहर पटरी किनारे बाग में बैठ गए।
शराब के दौरान आरोपी को पता चला कि प्रदीप के पास 20 हजार रुपये हैं। पैसों की तंगी और लालच में उसने पहले गला दबाकर प्रदीप को गिराया और फिर पास पड़े पत्थर से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी नगदी लेकर फरार हो गया।



