नही थम रहे सड़क हादसे : हरिद्वार–नजीबाबाद हाईवे पर दर्दनाक हादसा, युवक–युवती की मौत से हड़कंप

हरिद्वार। हरिद्वार–नजीबाबाद हाईवे पर श्यामपुर क्षेत्र में सोमवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक और युवती की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से यह दर्दनाक हादसा हुआ।
मृतकों की पहचान श्रद्धा जोशी (निवासी ब्रह्मपुरी, हरिद्वार) और अक्षत शर्मा (निवासी कनखल, हरिद्वार) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों बाइक से जा रहे थे, तभी अचानक सामने से आ रहे ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ट्रक को जब्त कर सीज कर दिया गया है। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण वाहनों की तेज गति माना जा रहा है। मृतकों की उम्र 20 से 25 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है, वहीं हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।



