शीत लहर से राहत: जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने रैन बसेरों का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश

हरिद्वार | जनपद में बढ़ती शीत लहर के बीच बेसहारा, असहाय एवं गरीब लोगों तथा श्रद्धालुओं को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने रोड़ीबेलवाला क्षेत्र में बने रैन बसेरों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वहां उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के समय मुख्य नगर आयुक्त नगर निगम नंदन कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, उप नगर आयुक्त ऋषभ उनियाल, तहसीलदार सचिन कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने रैन बसेरों में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने, चादरों व रजाइयों के कवर की नियमित धुलाई कराने तथा रैन बसेरों में ठहरने वाले लोगों का पूरा विवरण रजिस्टर में दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी व्यक्ति से किसी प्रकार का सुविधा शुल्क नहीं लिया जाएगा।
जिलाधिकारी ने सभी रैन बसेरों में पर्याप्त संख्या में हीटर उपलब्ध कराने तथा विद्युत लोड की समस्या को देखते हुए नगर निगम और विद्युत विभाग को सभी रैन बसेरों का विद्युत ऑडिट कराने के निर्देश दिए। शीत लहर से बचाव के लिए उन्होंने जनपद के प्रमुख चौराहों, सार्वजनिक स्थलों एवं घाटों पर अलाव जलाने के भी आदेश दिए।
हर की पौड़ी क्षेत्र सहित शिव पुल से ओम पुल तक सभी घाटों को अतिक्रमण मुक्त कराने के निर्देश नगर निगम को दिए गए, ताकि श्रद्धालुओं को स्नान के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। निरीक्षण के दौरान सार्वजनिक शौचालयों में यूरिन के लिए शुल्क वसूले जाने का मामला सामने आने पर जिलाधिकारी ने तत्काल शुल्क संबंधी बोर्ड हटवाए और निर्देश दिए कि किसी भी गरीब व्यक्ति या श्रद्धालु से यूरिन के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने असहाय एवं गरीब व्यक्तियों तथा श्रद्धालुओं को कंबल भी वितरित किए। उन्होंने कहा कि शीत लहर से बचाव के लिए कंबल वितरण अभियान आगे भी जारी रहेगा और सभी उप जिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में जरूरतमंदों तक कंबल पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।



