राजीव स्वरूप के निर्देश: होली पर चाक-चौबंद रहेगी गढ़वाल रेंज की सुरक्षा व्यवस्था

देहरादून। गढ़वाल परिक्षेत्र के आई.जी. राजीव स्वरूप द्वारा रेंज के समस्त जिला प्रभारियों को आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने हेतु व्यापक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
आईजी गढ़वाल ने स्पष्ट किया है कि पूर्व वर्षों की घटनाओं का विश्लेषण कर चिन्हित संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। स्थानीय समितियों, सामाजिक संस्थाओं एवं गणमान्य व्यक्तियों के साथ बैठकें आयोजित कर पर्व को शांति एवं भाईचारे के साथ मनाने की अपील की जाए।
होलिका दहन स्थलों की सूची तैयार कर यह सुनिश्चित किया जाए कि समय या स्थान को लेकर किसी प्रकार का विवाद न हो। यदि किसी प्रकार का विवाद सामने आता है तो संबंधित क्षेत्राधिकारी/थानाध्यक्ष उपजिलाधिकारी से समन्वय स्थापित कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
संवेदनशील एवं मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही धार्मिक स्थलों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों एवं अन्य संवेदनशील स्थानों पर कड़ी निगरानी रखते हुए बम निरोधक दस्ता व डॉग स्क्वॉड द्वारा नियमित चेकिंग कराए जाने को कहा गया है।
होली के दौरान सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले हुड़दंगियों और शरारती तत्वों पर विशेष नजर रखी जाएगी। सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल को भी सक्रिय रखते हुए अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए हैं।
उत्तराखंड पुलिस ने आमजन से अपील की है कि होली पर्व को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।



