कार्यवाही:मंडी समिति सचिव लवकेश गिरी के नेतृत्व में टीम ने पकड़ी मंडी शुल्क की बड़ी चोरी,ठोका भारी जुर्माना!

हरिद्वार।ज्वालापुर मंडी समिति की संयुक्त टीम ने बहादराबाद क्षेत्र में टैक्स चोरी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए ज्वालापुर मंडी समिति के सचिव लवकेश गिरी के नेतृत्व में सख्त कदम उठाया है। लंबे समय से मंडी शुल्क की चोरी कर रही कमलदीप इंडस्ट्रीज के खिलाफ यह कार्रवाई की गई है। प्राप्त सूचना के आधार पर मंडी सचिव ने अपनी टीम के साथ औचक निरीक्षण किया, जिसमें कई अनियमितताएं सामने आईं।पिछले काफी समय से मंडी शुल्क चोरी करने वाली औद्योगिक इकाइयों के खिलाफ ज्वालापुर मंडी की यह कार्यवाही लगातार जारी है।
जानकारी के अनुसार, कमलदीप इंडस्ट्रीज द्वारा कृषि उपज की खरीद-फरोख्त में निर्धारित मंडी शुल्क का भुगतान नहीं किया जा रहा था। विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि उद्योग द्वारा लेनदेन का सही रिकॉर्ड प्रस्तुत नहीं किया जा रहा है और शुल्क की चोरी की जा रही है। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मंडी सचिव लवकेश गिरी ने जांच के आदेश दिए और टीम गठित कर छापेमारी की।
छापे के दौरान दस्तावेजों की गहन जांच की गई, जिसमें वित्तीय लेनदेन से संबंधित कई विसंगतियां पाई गईं। प्रारंभिक जांच में ही स्पष्ट हो गया कि उद्योग द्वारा लंबे समय से मंडी शुल्क का भुगतान टालने की कोशिश की जा रही थी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए 25,000 रुपये का जुर्माना लगाया। साथ ही बकाया मंडी शुल्क और अन्य देय राशियों सहित कुल 40,000 रुपये से अधिक की धनराशि वसूल की गई।
मंडी सचिव लवकेश गिरी ने स्पष्ट किया कि मंडी शुल्क की चोरी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि कृषि उपज मंडी अधिनियम के तहत सभी व्यापारियों और उद्योगों के लिए निर्धारित शुल्क का भुगतान करना अनिवार्य है। यदि कोई संस्था नियमों की अनदेखी करती है, तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य व्यापारियों और उद्योग संचालकों में भी हड़कंप मच गया है। विभाग ने संकेत दिए हैं कि आगे भी नियमित निरीक्षण और औचक छापेमारी जारी रहेगी ताकि मंडी शुल्क की पारदर्शिता और राजस्व संग्रह सुनिश्चित किया जा सके। अधिकारियों का मानना है कि इस प्रकार की सख्ती से राजस्व में वृद्धि होगी और नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सकेगा।



