उत्कृष्ट कार्य के लिए पुलिसकर्मियों का सम्मान, कोतवाल मनोज नेगी की सराहनीय भूमिका पर खास जोर

रुद्रप्रयाग। जनपद में आयोजित ‘‘बहुउद्देशीय विधिक सेवा एवं जागरूकता शिविर’’ के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सिद्धार्थ शाह (माननीय न्यायमूर्ति एवं प्रशासनिक जज, जनपद रुद्रप्रयाग) ने शिरकत की और अपने कर्तव्यों का बेहतरीन निर्वहन करने वाले पुलिस व होमगार्ड कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रुद्रप्रयाग के तत्वाधान में जिला न्यायालय सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य जहां आमजन को उनके विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना था, वहीं ईमानदारी और समर्पण के साथ सेवा देने वाले कार्मिकों को प्रोत्साहित करना भी रहा।
कोतवाल मनोज नेगी की कार्यशैली बनी मिसाल
सम्मानित किए गए कार्मिकों में कोतवाली ऊखीमठ के प्रभारी निरीक्षक मनोज नेगी की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही। अपनी कुशल नेतृत्व क्षमता, त्वरित निर्णय लेने की योग्यता और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए वे लगातार सक्रिय रहे हैं। स्थानीय स्तर पर अपराध नियंत्रण, जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण और संवेदनशील मामलों को प्रभावी ढंग से संभालने में उनकी कार्यशैली को एक मिसाल के रूप में देखा जा रहा है।
ये रहे सम्मानित कार्मिक
निरीक्षक मनोज नेगी, प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली ऊखीमठ
मुख्य आरक्षी सुशील थपलियाल, कोतवाली रुद्रप्रयाग
महिला मुख्य आरक्षी नीलम, कोर्ट मोहर्रिर
महिला आरक्षी सोनी राणा, यातायात कार्यालय
होमगार्ड देवेश कुमार
मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति सिद्धार्थ शाह ने सभी सम्मानित कार्मिकों की सराहना करते हुए कहा कि कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और सेवा भाव ही पुलिस विभाग की असली पहचान है। ऐसे सम्मान अन्य कर्मचारियों को भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम में सहदेव सिंह (जनपद न्यायाधीश), विशाल मिश्रा (जिलाधिकारी), नीहारिका तोमर (पुलिस अधीक्षक), अशोक कुमार, पायल सिंह सहित प्रशासन, न्यायिक सेवा और पुलिस विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे।



