चारधाम यात्रा 2026 को लेकर अलर्ट मोड में पुलिस, IG गढ़वाल ने सभी जिलों को दिए सख्त निर्देश

देहरादून। आगामी चारधाम यात्रा 2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम बनाने के लिए आईजी गढ़वाल रेंज राजीव स्वरूप ने रेंज के सभी जिलों के एसपी/एसएसपी के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में यात्रा की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था और समन्वय को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए।
आईजी गढ़वाल ने स्पष्ट कहा कि धामों के कपाट खुलने से पहले सभी व्यवस्थाएं हर हाल में पूर्ण कर ली जाएं, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाना प्राथमिकता रहेगी।
बैठक में निर्देश दिए गए कि सभी जनपद अपने-अपने क्षेत्र में यात्रियों के लिए होल्डिंग एरिया समय से चिन्हित करें और संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करें। साथ ही चारधाम क्षेत्रों में तैनात होने वाले अतिरिक्त पुलिस बल के ठहरने, भोजन और अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था भी समय रहते सुनिश्चित की जाए।
आईजी ने यह भी निर्देशित किया कि यात्रा अवधि के दौरान सभी थाना प्रभारी अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करें। यात्रा शुरू होने से पहले व्यापार संघ, टैक्सी यूनियन और होटल व्यवसायियों के साथ समन्वय बैठकें आयोजित कर बेहतर तालमेल स्थापित किया जाए।
सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर रोक लगाने के लिए भी विशेष निर्देश दिए गए। सभी जनपदों में स्थापित सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल को सक्रिय रखते हुए किसी भी भ्रामक सूचना पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया।
बैठक में नवनीत भुल्लर, सर्वेश पंवार, आयुष अग्रवाल, सुरजीत पंवार, निहारिका तोमर, कमलेश उपाध्याय और जया बलूनी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



