दर्दनाक: गंग नहर में समाई कार, रुड़की के दो युवकों की मौके पर दर्दनाक मौत

मंगलौर/रुड़की। शनिवार सुबह मंगलौर मोड़ स्थित स्टील फैक्ट्री के समीप गंग नहर पटरी पर एक भीषण सड़क हादसा सामने आया। एक सफेद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में नहर किनारे मिली। वाहन का आधा हिस्सा पानी में डूबा था, जबकि बाकी हिस्सा झाड़ियों में अटका हुआ था। कार के भीतर दो युवक मृत अवस्था में पाए गए।
सुबह लगभग 7:45 बजे स्थानीय लोगों ने चेतक मोबाइल पर तैनात कांस्टेबल को घटना की जानकारी दी। इसके बाद 8:03 बजे डायल 112 पर भी सूचना दर्ज कराई गई। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक के निर्देशन में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया।
दोनों शवों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से सरकारी अस्पताल रुड़की की मोर्चरी भेजा गया। कुछ समय बाद परिजन अस्पताल पहुंचे और मृतकों की पहचान की गई। मृतकों में गणेशपुर निवासी 38 वर्षीय सचिन धीमान तथा राजेंद्र नगर निवासी 35 वर्षीय अमन त्यागी शामिल हैं।
पुलिस ने पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है, हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की जांच जारी है।



