UPSC रिज़ल्ट में नया विवाद: 301वीं रैंक पर भी दो छात्राओं का दावा, रोल नंबर भी एक!
एडमिट कार्ड पर मौजूद क्यूआर कोड से खुल सकता है राज, दोनों अभ्यर्थियों के दावे पर सस्पेंस

उत्तराखंड और केरल से एक ही नाम की दो अभ्यर्थियों के मामले का विवाद अभी शांत भी नहीं हुआ था कि अब UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2025 में 301वीं रैंक को लेकर नया विवाद सामने आ गया है। इस मामले ने अभ्यर्थियों और आम लोगों को हैरान कर दिया है।
जानकारी के अनुसार UPSC की मेरिट लिस्ट में 301वीं रैंक को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। दावा किया जा रहा है कि एक ही रोल नंबर पर दो अभ्यर्थियों ने खुद को इस रैंक का असली उम्मीदवार बताया है। दोनों छात्राओं का नाम आकांक्षा सिंह बताया जा रहा है, जिनमें से एक बिहार की रहने वाली है जबकि दूसरी उत्तर प्रदेश के गाजीपुर की बताई जा रही है।
रिजल्ट जारी होने के बाद यह मामला तब सामने आया जब दोनों ने अपने-अपने स्तर पर 301वीं रैंक होने का दावा किया। इससे पूरे मामले में फर्जीवाड़े की आशंका भी जताई जा रही है और सोशल मीडिया पर भी इसको लेकर काफी चर्चा हो रही है।
इस बीच गाजीपुर की आकांक्षा सिंह का बयान भी सामने आया है। उन्होंने कहा कि उनके पास मौजूद एडमिट कार्ड के बारकोड से सच्चाई साफ हो जाएगी और इससे पता चल जाएगा कि असली अभ्यर्थी कौन है।
फिलहाल इस मामले को लेकर UPSC की ओर से आधिकारिक स्पष्टीकरण का इंतजार किया जा रहा है।



