शीत लहर में राहत का भरोसा बनी नगर निगम की चाक-चौबंद व्यवस्था
महापौर किरण जैसल ने खुद संभाली राहत कार्यों की कमान

हरिद्वार में बढ़ती ठंड एवं शीत लहर को देखते हुए नगर निगम हरिद्वार द्वारा जरूरतमंदों के लिए व्यापक एवं सराहनीय व्यवस्थाएँ की गई हैं। नगर आयुक्त नंदन कुमार के निर्देशानुसार नगर निगम ने ठंड से बचाव के लिए राहत कार्यों को प्राथमिकता देते हुए पूरे शहर में चाक-चौबंद इंतज़ाम किए हैं।
नगर निगम की ओर से प्रतिदिन शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, यात्रीगृहों, भीड़भाड़ वाले इलाकों, सार्वजनिक स्थलों तथा तीनों रैन बसेरों सहित लगभग 42 स्थानों पर अलाव जलाए जा रहे हैं। इन अलावों से राहगीरों, श्रमिकों और खुले में जीवन यापन करने वाले निराश्रित लोगों को कड़ाके की ठंड से राहत मिल रही है। ठंड की तीव्रता बढ़ने पर अलाव की संख्या बढ़ाकर 45 से 48 स्थानों तक कर दी जाती है, जिससे किसी भी स्थिति में राहत व्यवस्था प्रभावित न हो।
इसके साथ ही नगर निगम द्वारा संचालित तीनों रैन बसेरों में ठहरने वाले लोगों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। रैन बसेरों में उपलब्ध बेड क्षमता के अनुसार अब तक कुल 91 कंबलों का वितरण किया जा चुका है, ताकि वहां निवास कर रहे लोगों को शीत से समुचित सुरक्षा मिल सके और उन्हें सुरक्षित वातावरण प्राप्त हो।

वहीं महापौर किरन जैसल के नेतृत्व में नगर निगम द्वारा निराश्रित, गरीब एवं बेसहारा लोगों के लिए विशेष कंबल वितरण अभियान भी चलाया गया। इस अभियान के तहत रेलवे स्टेशन एवं दश मंदिर कनखल क्षेत्र में जरूरतमंद व्यक्तियों को 89 कंबल वितरित किए गए, जिससे ठंड से प्रभावित लोगों को तत्काल राहत मिल सके।

महापौर किरन जैसल का कहना है कि शीत ऋतु के दौरान अलाव जलाने, रैन बसेरों के संचालन एवं कंबल वितरण जैसे सभी राहत कार्य लगातार जारी रहेंगे और आवश्यकता पड़ने पर इन व्यवस्थाओं का और विस्तार किया जाएगा। अब तक कुल 180 कंबलों का वितरण किया जा चुका है।



