मोसिन–गुल्सान की जोड़ी गिरफ्तार, चोरी के 10 दोपहिया वाहन बरामद

हरिद्वार। ज्वालापुर पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के 10 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। बरामद वाहनों में 8 मोटरसाइकिल और 2 स्कूटी शामिल हैं, जिनमें कई वाहन देहरादून के विभिन्न थानों में दर्ज चोरी के मामलों से संबंधित पाए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, शुभम कुमार पुत्र जहारू सिंह निवासी इमलीखेड़ा, थाना पिरान कलियर, हरिद्वार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी HF Deluxe (UK17L-8320) मोटरसाइकिल 4 मार्च 2026 को महाराजा फर्नीचर, ऊंचा पुल ज्वालापुर के पास से चोरी हो गई। इस संबंध में कोतवाली ज्वालापुर में मुकदमा अपराध संख्या 238/2026 दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक कुन्दन सिंह राणा ने उपनिरीक्षक अंशुल अग्रवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की। टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों की तलाश में लगातार चेकिंग अभियान चलाया।
इसी दौरान गंग नहर पटरी स्थित रेगुलेटर पुल के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने दो संदिग्धों को चोरी की मोटरसाइकिल HF Deluxe के साथ दबोच लिया। पूछताछ में दोनों ने उक्त मोटरसाइकिल को महाराजा फर्नीचर, ऊंचा पुल ज्वालापुर से चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर पुरानी कांवड़ पटरी के पास स्थित एक खंडहर से चोरी की 8 मोटरसाइकिलें और 2 स्कूटी बरामद कीं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने ये वाहन हरिद्वार और देहरादून के अलग-अलग इलाकों से चोरी किए थे।
कम पढ़े-लिखे हैं आरोपी
पुलिस के अनुसार आरोपी मोसिन राजमिस्त्री का काम करता है, जबकि गुल्सान ई-रिक्शा मैकेनिक है। दोनों कम पढ़े-लिखे हैं और जल्दी पैसा कमाने के लालच में चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोसिन पुत्र जान आलम और गुल्सान पुत्र बलीन, निवासी ग्राम गाडोवाली, थाना पथरी, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस दोनों का चालान कर अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है। साथ ही आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी डीसीआरबी समेत अन्य माध्यमों से जुटाई जा रही है।



