Era International Public School में ‘उड़ान स्कॉलरशिप’ से मेधावियों ने भरी नई उड़ान

शिक्षा के क्षेत्र में समान अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में Era International Public School द्वारा आयोजित ‘उड़ान स्कॉलरशिप’ परीक्षा में विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सफलता का परचम लहराया है। परिणाम घोषित होते ही छात्रों और अभिभावकों में खुशी की लहर दौड़ गई। इस पहल को आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए एक बड़ी राहत के रूप में देखा जा रहा है।

अभिभावकों का कहना है कि निजी विद्यालयों की ऊंची फीस के कारण मजदूर और निम्न आय वर्ग के परिवार अपने बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाने में असमर्थ रहते हैं। ‘उड़ान स्कॉलरशिप’ ने इस बाधा को काफी हद तक कम किया है। अब ऐसे परिवार भी अपने बच्चों को निजी विद्यालय में पढ़ाने का सपना साकार कर पा रहे हैं, जिससे बच्चे खुलकर अपनी प्रतिभा निखार सकें।

घोषित परिणामों के अनुसार लक्ष्य ने 98 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। आदित्य ने 95 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि जैद अंसारी ने 90 प्रतिशत अंक हासिल कर तृतीय स्थान प्राप्त किया। इन छात्रों की उपलब्धि ने यह साबित कर दिया कि मेहनत, लगन और प्रतिभा के आगे आर्थिक सीमाएँ कोई मायने नहीं रखतीं। छात्रों ने भी कहा कि इस स्कॉलरशिप ने उन्हें आगे और बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा दी है।
विद्यालय के निदेशक राव शफात अली ने बताया कि यह स्कॉलरशिप किसी एक समुदाय या वर्ग तक सीमित नहीं है। इसमें हर जाति और वर्ग के विद्यार्थी भाग ले सकते हैं। “जितनी अधिक प्रतिभा, उतना अधिक लाभ” के सिद्धांत पर छात्रों का चयन किया जाता है। उन्होंने कहा कि कई प्रतिभाशाली बच्चे केवल आर्थिक अभाव के कारण पीछे रह जाते हैं, ऐसे विद्यार्थियों को आगे लाने के उद्देश्य से यह योजना शुरू की गई है।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार ‘उड़ान स्कॉलरशिप’ पूरी तरह मेरिट आधारित है। इसके अंतर्गत 100 प्रतिशत तक फीस माफी, निःशुल्क पुस्तकें व स्टेशनरी, प्रमाण पत्र तथा करियर गाइडेंस जैसी सुविधाएँ प्रदान की जा रही हैं। बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रावधान भी शामिल किए गए हैं।



