जिले में चली कप्तान की तबादला एक्सप्रेस: ज्वालापुर में चन्द्रभान की एंट्री, कुंदन सिंह राणा को नगर कोतवाली की कमान

हरिद्वार। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल करते हुए कई थाना प्रभारियों और इंस्पेक्टरों के कार्यक्षेत्र में बदलाव कर दिया है। इस तबादला सूची को पुलिसिंग में कसावट लाने और क्षेत्रीय स्तर पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।

जारी आदेशों के अनुसार, ज्वालापुर कोतवाली की अहम जिम्मेदारी अब इंस्पेक्टर चन्द्रभान को सौंपी गई है। वहीं, अब तक ज्वालापुर में तैनात रहे इंस्पेक्टर कुंदन सिंह राणा को नगर कोतवाली का नया प्रभारी बनाया गया है। इसे शहर की संवेदनशील कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए एक महत्वपूर्ण निर्णय माना जा रहा है।
मंगलौर कोतवाली की कमान इंस्पेक्टर भगवान सिंह मेहर को दी गई है, जबकि वहां तैनात इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह को बहादराबाद थाने भेजा गया है। इसके साथ ही बहादराबाद से इंस्पेक्टर विजय सिंह का तबादला झबरेड़ा कर दिया गया है, जहां उनसे क्षेत्र में सक्रियता बढ़ाने की उम्मीद जताई जा रही है।
फेरबदल की इस कड़ी में भगवानपुर में तैनात एसएसआई अंकुर शर्मा को बुग्गावाला थाने का थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं नगर कोतवाली में तैनात इंस्पेक्टर रितेश शाह को हटाकर भगवानपुर भेजा गया है।
पुलिस महकमे में हुए इस व्यापक फेरबदल को आगामी समय में अपराध नियंत्रण, त्वरित कार्रवाई और जनविश्वास बढ़ाने की दिशा में एक बड़े कदम के रूप में देखा जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, एसएसपी स्तर पर यह बदलाव क्षेत्रीय फीडबैक और प्रदर्शन के आधार पर किया गया है, ताकि हर थाने में जिम्मेदारी और जवाबदेही को और मजबूत किया जा सके।



