उत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरेंहरिद्वार

कनखल हत्याकांड का खुलासा: बहनों पर टिप्पणी से भड़का अरविंद, पत्थर से कुचलकर ली थी किशोर की जान

हरिद्वार।  कनखल थाना क्षेत्र में श्रीयंत्र पुलिया के पास झाड़ियों में मिले किशोर के लहूलुहान शव के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। हत्या का आरोपी कोई और नहीं बल्कि मृतक का दोस्त ही निकला, जिसे पुलिस ने मथुरा से गिरफ्तार कर लिया है। बहनों पर अभद्र टिप्पणी से नाराज होकर आरोपी ने पत्थर से कुचलकर दोस्त की हत्या कर दी थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोभाल ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 7 फरवरी को श्रीयंत्र पुलिया के समीप झाड़ियों में एक अज्ञात किशोर का शव बरामद हुआ था। शव की शिनाख्त कुनाल पुत्र रोहिताश निवासी रामपुर रायघाटी थाना लक्सर, हाल निवासी लाटोवाली थाना कनखल के रूप में हुई। मृतक के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
हत्याकांड के खुलासे के लिए एसएसपी के निर्देश पर पांच टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने आसपास के क्षेत्रों में लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान फुटेज में मृतक कुनाल एक शराब के ठेके पर शराब खरीदते और एक संदिग्ध स्कूटी सवार के साथ जाते हुए दिखाई दिया। जांच में स्कूटी सवार की पहचान अरविंद उर्फ शिवम के रूप में हुई, जो वारदात के बाद मथुरा फरार हो गया था।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को मथुरा से दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कुछ महीनों से अपनी नानी के पास कनखल में रह रहा था। वह और कुनाल आपस में दोस्त थे और पड़ोस में ही रहते थे। 6 फरवरी की रात दोनों ने साथ बैठकर शराब पी। इसी दौरान नशे में कुनाल ने आरोपी की बहनों पर अभद्र टिप्पणी कर दी और गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर कुनाल ने अरविंद को थप्पड़ भी मार दिए। गुस्से में आकर अरविंद ने पास पड़े भारी पत्थर से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मृतक का मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है।
आरोपी की पहचान अरविंद उर्फ शिवम पुत्र संदीप शर्मा निवासी पतवारी मंदिर के पीछे, दुर्गा कॉलोनी थाना गोवर्धन, मथुरा (उ.प्र.), हाल निवासी लाटोवाली थाना कनखल, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Arif Ansari

Chief Editor Dastak 24x7 News

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!