शारदीय कांवड़ मेला 2026: हरिद्वार में अतिक्रमण के खिलाफ पुलिस का सघन अभियान

हरिद्वार। आगामी शारदीय कांवड़ मेला 2026 को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से हरिद्वार पुलिस द्वारा अतिक्रमण के विरुद्ध सघन अभियान चलाया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जनपद हरिद्वार के दिशा-निर्देशों के क्रम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर, हरिद्वार के नेतृत्व में दिनांक 02 फरवरी 2026 को कोतवाली नगर क्षेत्र में अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन कर कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान हरकी पैड़ी, जनाना घाट, सुभाष घाट तथा पोस्ट ऑफिस से भीमगौड़ा तक सड़क किनारे, पुलों एवं घाटों के आसपास किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। इस कार्रवाई से श्रद्धालुओं एवं आमजन की आवाजाही को सुगम बनाया गया।
पुलिस द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान उत्तराखंड पुलिस अधिनियम के अंतर्गत 85 चालान किए गए, जिनसे ₹21,250 का संयोजन शुल्क वसूला गया। इसके अतिरिक्त नो-पार्किंग जोन में खड़े 15 वाहनों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
स्थानीय नागरिकों एवं श्रद्धालुओं ने कोतवाली नगर पुलिस की इस कार्यवाही की सराहना करते हुए इसे कांवड़ मेले की तैयारियों की दिशा में एक आवश्यक कदम बताया।
हरिद्वार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात व्यवस्था, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने हेतु यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।



