खाकी में इंसानियत: सिपाही प्रवीन नेगी ने लावारिस मुस्लिम युवक को दिया कंधा, नमाज़-ए-जनाज़ा तक निभाई जिम्मेदारी

हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली में तैनात सिपाही प्रवीन नेगी ने मानवता और भाईचारे की ऐसी मिसाल पेश की है, जिसकी हर ओर सराहना हो रही है। उन्होंने एक लावारिस मुस्लिम युवक के शव को न केवल कंधा दिया, बल्कि उसे सुपुर्द-ए-खाक कराने तक पूरी जिम्मेदारी निभाई।
जानकारी के अनुसार कुछ दिन पहले गोविंद घाट गंगा किनारे से एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसकी पहचान कराने के लिए काफी प्रयास किए, लेकिन सभी कोशिशों के बावजूद मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी।
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए ज्वालापुर कब्रिस्तान लाया गया। इस दौरान सिपाही प्रवीन नेगी ने आगे बढ़कर इंसानियत का परिचय दिया। उन्होंने न सिर्फ शव को अपने कंधे पर उठाया, बल्कि मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार उसे दफन कराने में भी पूरा सहयोग किया।
बताया जाता है कि जब तक नमाज़-ए-जनाज़ा अदा नहीं हुई, तब तक सिपाही प्रवीन नेगी शांत मुद्रा में वहीं खड़े रहे। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
सिपाही प्रवीन नेगी के इस संवेदनशील और मानवीय कार्य की स्थानीय लोगों ने जमकर सराहना की है। उनका यह कदम समाज में आपसी सौहार्द, भाईचारे और इंसानियत की एक प्रेरणादायक मिसाल बन गया है।



