उत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरेंहरिद्वार

सिडकुल में वाहन चोर गिरोह पर हरिद्वार पुलिस का प्रहार, 14 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद

SSP के निर्देशों पर ज़मीनी स्तर पर उतरी सख़्त रणनीतिI

हरिद्वार| जनपद के थाना सिडकुल क्षेत्र में लगातार हो रही दोपहिया वाहन चोरियों पर हरिद्वार पुलिस ने बड़ी और प्रभावी कार्रवाई करते हुए शातिर वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार प्रमेन्द्र सिंह डोबाल की सख्ती और निर्देशों के बाद गठित विशेष टीम ने सुनियोजित ऑपरेशन के तहत चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर कुल 14 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बीते कुछ दिनों से लगातार हो रही चोरियों को लेकर SSP हरिद्वार काफ़ी नाराज़ थे, जिसके बाद थाना सिडकुल प्रभारी उपनिरीक्षक नितेश शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चोरी की घटनाओं का विश्लेषण कर समय, स्थान और तरीकों के आधार पर क्राइम ग्राफ तैयार किया और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी शुरू की।

चेकिंग से खुला पूरा नेटवर्क


दिनांक 16.12.2025 को गोपनीय सूचना के आधार पर दवा चौक, सिडकुल के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने सौरभ पुत्र पप्पू निवासी बहादराबाद और संजय पुत्र काशीराम निवासी सलेमपुर, थाना रानीपुर को गिरफ्तार किया, जिनके कब्जे से हरिद्वार ग्रीन सोसाइटी से चोरी की गई एक मोटरसाइकिल बरामद हुई। कड़ी पूछताछ में उन्होंने अपने दो अन्य साथियों सुनील कुमार निवासी रामपुर, बिजनौर और अक्षय उर्फ टाइगर निवासी टांडा भागमल, थाना लक्सर का नाम उजागर किया, जो पेंटागन मॉल के पीछे टीन शेड में चोरी की मोटरसाइकिलें छिपाकर बेचने की तैयारी कर रहे थे।

14 चोरी की बाइक बरामद, हिस्ट्रीशीटर सरगना गिरफ्तार


सूचना पर वरिष्ठ उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह तोमर व एडिशनल उपनिरीक्षक हरिश्चंद्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया और 13 अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं, जिससे कुल बरामदगी 14 बाइक तक पहुंच गई। बरामद वाहनों में हीरो स्प्लेंडर, TVS अपाचे, यामाहा MT-15 जैसी महंगी व आम उपयोग की बाइक शामिल हैं, जो अलग-अलग जनपदों से चोरी की गई थीं। गिरोह का सरगना अक्षय उर्फ टाइगर थाना सिडकुल का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ 19 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।

कप्तान प्रमेंद्र डोबाल – “जनपद हरिद्वार में आम नागरिकों की सुरक्षा और उनकी संपत्ति की रक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। थाना सिडकुल क्षेत्र में हो रही दोपहिया वाहन चोरियों को पुलिस ने गंभीरता से लिया और सुनियोजित रणनीति के तहत शातिर वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश कर 14 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। अपराधियों के खिलाफ हमारी जीरो टॉलरेंस नीति है। ऐसे तत्वों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। आगे भी वाहन चोरियों व अन्य अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।”

Arif Ansari

Chief Editor Dastak 24x7 News

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!