हरिद्वार को मिला नया कप्तान, सख्त संदेश के साथ पदभार ग्रहण

हरिद्वार। नवनीत बुल्लार ने धर्मनगरी हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक का कार्यभार संभाल लिया। पदभार ग्रहण करते ही उन्होंने साफ शब्दों में ऐलान किया—जनपद में नशे का काला कारोबार बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पदभार ग्रहण करने से पहले प्रसिद्ध तीर्थ स्थल हर की पौड़ी पहुँचकर मां गंगा की पूजा-अर्चना की और जनपद की सुख-समृद्धि व शांति की कामना की।
नहीं चलेगा नशे का काला कारोबार
नए कप्तान ने स्पष्ट कर दिया कि नशा तस्करों और उनके नेटवर्क के खिलाफ निर्णायक अभियान चलाया जाएगा। उनका कहना है कि युवाओं को नशे से बचाना और अपराधियों में कानून का भय पैदा करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
“जो भी नशे के धंधे में लिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
थानों की जवाबदेही तय, विशेष अभियान की तैयारी
सूत्रों के अनुसार जिलेभर में जल्द ही विशेष चेकिंग अभियान, संदिग्ध ठिकानों की निगरानी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया जाएगा। थाना प्रभारियों को भी साफ संदेश दे दिया गया है कि अपने क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण को लेकर किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं होगी।
हरिद्वार जैसे संवेदनशील जिले में धार्मिक आयोजनों, पर्यटन और औद्योगिक गतिविधियों के बीच कानून व्यवस्था बनाए रखना बड़ी चुनौती है। नवनीत बुल्लार ने कहा कि आमजन की सुरक्षा और कानून का राज सर्वोपरि रहेगा।
संदेश साफ है—
अपराधी या तो सुधर जाएं या जनपद छोड़ दें।



