हरिद्वार

रमज़ान में बढ़ा खतरा: ज्वालापुर के पांवधोई में बेरोकटोक दौड़ रहे भारी वाहन, पुलिस की चुप्पी पर उठे सवाल

हरिद्वार। हरिद्वार के ज्वालापुर क्षेत्र स्थित पांवधोई मोहल्ला इन दिनों भारी वाहनों की आवाजाही से दहशत में है। इस इलाके से दिन-रात बड़े ट्रक गुजर रहे हैं। रमज़ान माह में नमाज़ और बाजार की भीड़ के चलते स्थिति और अधिक संवेदनशील हो जाती है, लेकिन इसके बावजूद भारी वाहनों की आवाजाही पर कोई प्रभावी नियंत्रण नजर नहीं आता।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायतें किए जाने के बावजूद ज्वालापुर पुलिस इस मामले में पूरी तरह मौन बनी हुई है। न तो भारी वाहनों के प्रवेश पर समयबद्ध रोक लगाई गई है और न ही कोई वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया गया है।
गौरतलब है कि पूर्व में रमज़ान माह के दौरान ही एक बड़े वाहन की चपेट में आने से पांवधोई निवासी एक फल विक्रेता की उसके घर के सामने दर्दनाक मौत हो चुकी है। इसके अलावा इसी मार्ग पर 8 से 10 स्कूल संचालित हैं, जहां से रोजाना हज़ारो बच्चे गुजरते हैं। ऐसे में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
अब क्षेत्र में यह चर्चा भी जोर पकड़ रही है कि कहीं कोतवाली में वर्षों से जमे कुछ पुलिसकर्मियों के संभावित स्थानीय गठजोड़ के चलते तो यह ढिलाई नहीं बरती जा रही? जानकारों का मानना है कि जब कोई पुलिसकर्मी लंबे समय तक एक ही कोतवाली या क्षेत्र में तैनात रहता है, तो उसका प्रभाव कम होकर ‘भाई-बंदी’ और उठ-बैठ बढ़ने लगती है, जिससे निष्पक्ष कार्रवाई प्रभावित हो सकती है। लगातार अनदेखी से ऐसे सवाल उठना स्वाभाविक माना जा रहा है।
स्थानीय नागरिकों ने उच्च अधिकारियों से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, भारी वाहनों की आवाजाही पर तत्काल नियंत्रण लगाया जाए और संवेदनशील क्षेत्रों में तैनाती व व्यवस्थाओं की समीक्षा की जाए, ताकि भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

Arif Ansari

Chief Editor Dastak 24x7 News

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!