उत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरेंहरिद्वार

शहर से मांसाहारी कारोबार हटाने के फैसले का पार्षदों ने किया विरोध

हरिद्वार, 31 मार्च। मीट, मछली, अंडों के होटल में पके खाने की वस्तुओं पर नगर निगम की आगामी बोर्ड बैठक में रोक लगाए जाने की खबर पर पार्षदों ने मेयर किरण जैसल से भेंटवार्ता कर प्रस्ताव पर रोक लगाए जाने की मांग की और पत्र सौंपा। त्रिमूर्ति नगर वार्ड 44 के पार्षद अहसान अंसारी ने कहा कि मीट की दुकान नगर निगम क्षेत्र से बाहर करने का प्रस्ताव लाया गया था। दुकानों का निर्माण भी कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि कच्चे मांस की दुकानों को शहर से बाहर निकालने के प्रस्ताव पर हम सहमत हैं। लेकिन होटल ढाबों एवं दुकानों पर बन रहे मांस मछली अंडे की दुकानें शहर में ही संचालित रहनी चाहिए। पके हुए मीट, अंडे व मछली की बिक्री पर प्रतिबंध लगाना जनहित में उचित नहीं है। इस प्रस्ताव के लागू होने से एक लाख से अधिक की आबादी प्रभावित होगी। हजारों लोगों के रोजगार पर संकट खड़ा हो जाएगा। अहसान अंसारी ने कहा कि नगर निगम बोर्ड के इस प्रस्ताव को एजेंडे से हटाया जाए। कच्चे मीट की दुकानें ही शहर से बाहर शिफ्ट होनी चाहिए। पूर्व राज्य मंत्री हाजी नईम कुरैशी ने कहा कि हिंदू समाज की भावनाओं का हम सम्मान करते हैं। लेकिन शहर में हजारों दुकानें होटल ढाबों पर अंडा मांस मछली की बिक्री होती है। होटल ढाबों को शहर से बाहर करना उचित नहीं है। इससे रोजगार भी प्रभावित होगा। उन्होंने कहा कि कच्चे मीट की बिक्री के लिए नगर निगम द्वारा दुकानों का निर्माण कराया गया है। उन दुकानों पर ही कच्चा मीट बिकना चाहिए। लेकिन होटल को शहर से बाहर करना न्याय संगत नहीं है। हाजी नईम कुरैशी ने यह भी कहा कि हिंदू और मुस्लिम दोनों वर्ग के लोग मीट व अंडे की दुकानें चला रहे हैं। किसी का रोजगार समाप्त करने का कोई अधिकार नहीं है। यह लोगों के अधिकारों का भी उल्लंघन है।हाजी इरफान अंसारी ने कहा कि ज्वालापुर उपनगरी कुंभ क्षेत्र से भी बाहर है। उन्होंने सुझाव दिया कि अंडा मांस मछली के होटल ढाबों से साफ सफाई एवं ब्लैक शीशे लगाकर दुकानें संचालित करने का भी आग्रह किया जा सकता है। पार्षद अरशद ख्वाजा, पार्षद सुनील कुमार एवं विवेक भूषण विक्की ने कहा कि कुछ लोग भ्रम फैला कर माहौल खराब करते हैं। लाखों लोगों का रोजगार इस व्यापार से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि रोजगार समाप्त करना कोई हल नहीं है। सभी एक दूसरे की भावनाओं का सम्मान करते हैं। होटल ढाबे एवं दुकानों को शहर से बाहर करने के निर्णय पर विचार करना जनहित में होगा। इस दौरान मेयर किरण जैसल कहा कि मीट अंडा आदि बेचने वाली दुकानों को लेकर विचार विमर्श किया जाएगा। उसके बाद ही कोई निर्णय होगा। मेयर प्रतिनिधि सुभाषचंद ने कहा कि बातचीत से समस्या का हल किया जाएगा। कच्चे मांस की दुकानों को जल्द ही शहर से बाहर सराय में शिफ्ट किया जाएगा। ज्ञापन सौंपने वालों में मोमिन अंसार ज्वालापुर के सदर हाजी इरफान अंसारी ,पार्षद प्रतिनिधि शहाबुद्दीन अंसारी, पार्षद हिमांशु गुप्ता,विवेक भूषण विक्की, सुनील कुमार, अकरम अंसारी, आरिफ, वाजिद अली, पुनीत कुमार आदि शामिल रहे।

Arif Ansari

Chief Editor Dastak 24x7 News

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!