उत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरेंहरिद्वार

कुंभ 2027 की तैयारियों पर मुख्यमंत्री धामी सख्त, बोले—किसी स्तर पर नहीं रहेगी कमी

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को हरिद्वार पहुंचकर कुंभ मेला 2027 की तैयारियों की प्रगति की समीक्षा की। डामकोठी में आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अगले वर्ष होने वाले इस विशाल धार्मिक आयोजन को दिव्य और भव्य बनाने के लिए सभी तैयारियां तय समय सीमा के भीतर पूरी की जाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ जैसे विराट आयोजन में किसी भी स्तर पर कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और समयबद्ध ढंग से व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि कुंभ मेले से जुड़े कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी और प्रस्तावित योजनाओं की स्वीकृतियां जल्द जारी की जाएंगी। बैठक के दौरान ही उन्होंने मुख्य सचिव से दूरभाष पर वार्ता कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री ने सड़क, पुल, पेयजल, स्वास्थ्य, यातायात और पार्किंग व्यवस्था से जुड़े स्थायी कार्यों की समीक्षा करते हुए गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आगामी चारधाम यात्रा, वर्षाकाल और कांवड़ यात्रा को ध्यान में रखते हुए कार्यों की रणनीति तैयार की जाए।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री ने आधुनिक तकनीकों से लैस इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर स्थापित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा मेला नियंत्रण भवन के पास प्रस्तावित सीसीआर-2 भवन परियोजना को भी जल्द वित्तीय स्वीकृति देने की बात कही। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए खड़खड़ी पुल और श्रीयंत्र पुल से जुड़ी योजनाओं को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री ने ऋषिकेश और मुनीकीरेती सहित पूरे कुंभ क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं, सुरक्षा, स्वच्छता और सीवरेज प्रबंधन को मजबूत करने पर विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही डामकोठी अतिथिगृह के विस्तार के लिए आधुनिक और आकर्षक नए भवन की योजना तैयार करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में मेलाधिकारी सोनिका ने बताया कि कुंभ मेला 2027 के तहत सड़कों, पुलों, घाटों, जलापूर्ति, चिकित्सा और सुरक्षा से जुड़ी स्थायी प्रकृति की 33 योजनाओं पर काम चल रहा है और सभी परियोजनाएं निर्धारित समयसीमा के अनुसार प्रगति पर हैं। उन्होंने बताया कि मनसा देवी मंदिर और चंडी देवी मंदिर के मार्गों के सुधार की योजना को भी स्वीकृति मिल चुकी है।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, नगर निगम मेयर किरण जैसल, रुड़की मेयर अनीता अग्रवाल, विधायक मदन कौशिक, आदेश चौहान, प्रदीप बत्रा, पूर्व मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Arif Ansari

Chief Editor Dastak 24x7 News

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!