अजय गणपति ने कोतवाली चम्पावत को लिया गोद, पुलिस व्यवस्था में सुधार और सुदृढ़ीकरण को नई पहल
मुख्यमंत्री धामी के विजन के तहत चल रहा आदर्श थाने बनाने का प्रयास

चम्पावत। उत्तराखंड सरकार द्वारा पुलिस थानों के आधारभूत ढांचे के उन्नयन और पुलिस व्यवस्था को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई पहल के तहत जनपद चम्पावत के पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने कोतवाली चम्पावत को गोद लिया है। यह पहल मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विजन का हिस्सा है, जिसके अंतर्गत राज्य के सभी भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारियों को अपनी पहली तैनाती वाले जनपद में किसी एक थाने को गोद लेने के निर्देश दिए गए हैं।
कोतवाली के उच्चीकरण का खाका तैयार
1 जुलाई 2025 को आयोजित एक गोष्ठी में एसपी अजय गणपति ने पुलिस उपाधीक्षक शिवराज सिंह राणा और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बच्ची सिंह बिष्ट की उपस्थिति में कोतवाली के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से संवाद किया। इस दौरान कोतवाली के भौतिक ढांचे और कर्मचारियों के कल्याण से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।
स्मार्ट बैरक और बुनियादी सुविधाओं में होगा सुधार

एसपी गणपति ने कोतवाली चम्पावत में स्मार्ट बैरक निर्माण, कर्मचारियों के आवासों की संख्या में वृद्धि, वाहनों के लिए पार्किंग शेड, शौचालयों की मरम्मत, अंडरग्राउंड वाटर टैंक और थाना परिसर में टाइल्स लगाने जैसे कार्यों की योजना बनाई है। साथ ही, साप्ताहिक भोजन में पौष्टिक पहाड़ी व्यंजन शामिल करने का भी प्रस्ताव रखा गया है ताकि कर्मचारियों का स्वास्थ्य बेहतर रहे।
पर्यावरण संरक्षण और सुरक्षा व्यवस्था पर भी जोर
पुलिस अधीक्षक ने ध्वनि अवशोषित करने वाले पौधे लगाने और थाना भवन के जीवन काल को बढ़ाने के लिए आवश्यक मरम्मत कार्य करने के निर्देश दिए। इसके अलावा अपराध नियंत्रण और शांति व्यवस्था के लिए प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की भी योजना बनाई गई है।
पुलिस कार्यप्रणाली में आएगा नया आयाम
इस गोद लिए गए थाने में जल्द ही बदलाव देखने को मिलेंगे। इसका मुख्य उद्देश्य न केवल पुलिसिंग की गुणवत्ता में सुधार करना है, बल्कि पुलिसकर्मियों के कार्य वातावरण और कल्याण को भी बेहतर बनाना है। इस पहल से पुलिस थानों के बुनियादी ढांचे के साथ-साथ जनता और पुलिस के बीच विश्वास में भी वृद्धि की उम्मीद है।



