उत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरेंहरिद्वार

कलियर में फर्जीवाड़े का बड़ा खुलासा: जनसेवा केन्द्र की आड़ में बन रहे थे जाली दस्तावेज

हरिद्वार/कलियर। पुलिस मुख्यालय के निर्देशों पर एवं एसएसपी नवनीत सिंह के पर्यवेक्षण में जनपद हरिद्वार में चलाए जा रहे सघन सत्यापन अभियान के तहत कोतवाली पिरान कलियर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। संयुक्त टीम ने स्थानीय अभिसूचना इकाई के सहयोग से जनसेवा केन्द्र की आड़ में चल रहे फर्जी दस्तावेज बनाने के गोरखधंधे का भंडाफोड़ किया है।
छापेमारी के दौरान पिरान कलियर क्षेत्र में चारमीनार के पीछे स्थित अलीशान होटल में “शाहिदा मानवाधिकार जनसेवा केन्द्र” के नाम से संचालित कार्यालय से आरोपी शहनवाज पुत्र मौ० प्यारे निवासी दाउदपुर थाना साहिबगंज, जिला मुजफ्फरपुर (बिहार), उम्र 24 वर्ष को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने खुद को मानवाधिकार आयोग का अध्यक्ष बताते हुए मतदाता पहचान पत्र, पैन कार्ड, आधार कार्ड व जन्म प्रमाण पत्र बनाने की बात स्वीकार की। जांच में पाया गया कि जारी किए गए जन्म प्रमाण पत्रों पर एक ही सीरियल नंबर अंकित था तथा उत्तराखण्ड सरकार का लोगो और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग नगर निगम रूद्रपुर के लेटर पैड का दुरुपयोग किया गया था। नगर पंचायत पिरान कलियर के ईओ द्वारा भी प्रमाण पत्रों को फर्जी बताया गया। मौके से मानवाधिकार आयोग का फर्जी पहचान पत्र भी बरामद हुआ।
तलाशी के दौरान 45 कूटरचित जन्म प्रमाण पत्र, एक लैपटॉप, चार्जर, माउस, एक मोबाइल फोन (Redmi), 06 आधार कार्ड एवं 07 अलग-अलग फर्जी मोहरें बरामद की गईं। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह कुछ दस्तावेज स्वयं ऑनलाइन तैयार करता था तथा कुछ मंगवाकर प्रिंट निकालकर लोगों को देता था। अब तक लगभग एक हजार से अधिक दस्तावेज तैयार किए जाने की आशंका है। मामले में कोतवाली पिरान कलियर में मु०अ०सं० 29/2026 धारा 336(3), 338, 339 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत कर आरोपी का चालान किया गया है।

Arif Ansari

Chief Editor Dastak 24x7 News

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!