
हरिद्वार। हरिद्वार तहसील परिसर में चल रही विजिलेंस की कार्रवाई में अब सबसे बड़ा अपडेट सामने आया है। विजिलेंस टीम ने जिला पूर्ति अधिकारी श्याम आर्य और उनके स्टेनो गौरव शर्मा को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई से पूरे तहसील परिसर में हड़कंप मच गया।
सूत्रों के अनुसार विजिलेंस को जिला पूर्ति कार्यालय में लंबे समय से रिश्वतखोरी की शिकायतें मिल रही थीं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया और योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए दोनों को रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। रिश्वत की रकम बरामद कर ली गई है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
छापेमारी के दौरान विजिलेंस टीम ने कार्यालय से जुड़े दस्तावेज, फाइलें और अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड भी अपने कब्जे में लिए हैं। बताया जा रहा है कि यह रिश्वत किसी सरकारी कार्य को आगे बढ़ाने या लाभ पहुंचाने के एवज में ली जा रही थी।
इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक महकमे में खलबली मची हुई है। विजिलेंस टीम दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं और संभावित संलिप्त लोगों की भी जांच की जा रही है। विजिलेंस की इस बड़ी कार्रवाई के बाद जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश गया है।



