हरिद्वार

ज्वालापुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: नाबालिग बालिका सकुशल बरामद, सम्मोहन कर लूट करने वाला और गांजा तस्कर गिरफ्तार

हरिद्वार |  वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली ज्वालापुर पुलिस ने अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद करने के साथ तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।

एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह

इन कार्रवाइयों को प्रभारी निरीक्षक ज्वालापुर कुन्दन सिंह राणा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों ने अंजाम दिया।
नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर आरोपी को दबोचा


दिनांक 12 मार्च 2026 को वादिया (काल्पनिक नाम रोशन) की तहरीर पर आरोपी अभिषेक पुत्र नेत्रपाल निवासी ग्राम सराय, ज्वालापुर के विरुद्ध उसकी 17 वर्षीय नाबालिग पुत्री (काल्पनिक नाम रानी) को बहला-फुसलाकर अपहरण करने के संबंध में मुकदमा अपराध संख्या 247/2026 धारा 137(2) BNS में मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक कुन्दन सिंह राणा ने प्रभारी चौकी बाजार उपनिरीक्षक अंशुल अग्रवाल के नेतृत्व में टीमें गठित कीं। पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, व्हाट्सएप, DCRB और अन्य इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों की मदद से सुरागरसी करते हुए 13 मार्च 2026 को आरोपी अभिषेक को गिरफ्तार कर नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया।
मामले में धारा 64(1) BNS तथा 3/4 POCSO एक्ट की बढ़ोतरी की गई है। आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
सम्मोहन कर लूट करने वाला शातिर अभियुक्त गिरफ्तार


ज्वालापुर क्षेत्र में लोगों को सम्मोहित कर ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने जमशेद पुत्र गफ्फार निवासी सेक्टर-11 झुग्गी झोपड़ी थाना विजयनगर, गाजियाबाद को गिरफ्तार किया।
मामले में आनंदी देवी निवासी राजीव नगर कॉलोनी गोविंदपुरी ज्वालापुर की तहरीर पर मुकदमा अपराध संख्या 112/2026 धारा 318(4) BNS दर्ज किया गया था। आरोप था कि तीन युवकों ने महिला को सम्मोहित कर 50 हजार रुपये और कान के कुंडल उतरवा लिए थे।
प्रभारी निरीक्षक कुन्दन सिंह राणा के निर्देश पर प्रभारी चौकी रेल उपनिरीक्षक समीप पांडेय के नेतृत्व में टीम ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से 13 मार्च को लालपुर मार्ग से आरोपी जमशेद को गिरफ्तार किया।
आरोपी के कब्जे से
02 पीली धातु के टॉप्स
9500 रुपये नगद
बरामद किए गए हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) व 61(2) BNS की बढ़ोतरी की गई।
गांजा तस्कर भी चढ़ा पुलिस के हत्थे


नशा तस्करों के खिलाफ अभियान के तहत ज्वालापुर पुलिस ने भविष्य पाल उर्फ सागर पुत्र निरंजन सिंह पाल निवासी कठघर, मुरादाबाद को गिरफ्तार किया।
13 मार्च 2026 को पुलिस टीम द्वारा चेकिंग के दौरान लालपुर से जटवाड़ा पुल नहर पटरी के पास से आरोपी को 02 किलो 35 ग्राम अवैध गांजा और एक मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया गया।
आरोपी के विरुद्ध मुकदमा अपराध संख्या 256/2026 धारा 8/20 NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है और उसे न्यायालय में पेश किया गया।
कप्तान के निर्देशन में कुन्दन सिंह राणा की टीम की बड़ी कामयाबी
एसएसपी हरिद्वार के निर्देश और प्रभारी निरीक्षक ज्वालापुर

कुन्दन सिंह राणा के नेतृत्व में ज्वालापुर पुलिस द्वारा की गई इन कार्रवाइयों को क्षेत्र में बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराध और नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Arif Ansari

Chief Editor Dastak 24x7 News

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!