दीपावली से पहले चर्चित जेई को मिला तोहफा, खास चेला लौटा, जॉइनिंग से पहले ही चेले को साथ लेकर मैदान में उतर गए जेई!
बिना एसडीओ की परमिशन के मारे छापे, फिर किए सेटलमेंट, पढ़े गुरु-चेले के कारनामों का इतिहास...

हरिद्वार। दीपावली आने पर हर कर्मचारी को बोनस का इंतजार रहता है। लेकिन अगर वह बोनस एक महीने पहले ही मिल जाए तो कर्मचारी की मौज आ जाए। ऐसे ही बिजली विभाग के एक जेई को दीपावली से पहले बड़ा बोनस हाथ लगा है। उनके खास चेलों में शुमार एक दागी एसएसजी कर्मचारी को वापस उन्ही के क्षेत्र में पोस्टिंग देदी गई है। अब दीपावली आने तक दोनों मिलकर “वारे के न्यारे” करेंगे। लेकिन मामला ज़ब बिगड गया ज़ब जेई साहब माल बटोरने की जल्दी में बिना कर्मचारी (चेले) की जॉइनिंग के ही उसे मैदान में लेकर छापेमारी में उतर गए। यही नहीं जेई साहब ने घरों में बिजली चोरी पकड़ने के लिए एसडीओ मैडम की परमिशन तक लेना भी जरुरी नहीं समझा और क्षेत्र में आतंक उतारते हुए जमकर छापेमारी की। जिसके बाद जहां-जहां छापेमारी की वहां-वहां कर्मचारी (चेला) सेटेलमेंट करता रहा। जिन जगहों पर लोगों ने सेटेलमेंट को इंकार कर दिया या जहां मोटी रकम नहीं मिल सकी उनके खिलाफ कार्रवाई कर दी। जिसके बाद से यह जोड़ी फिर से चर्चाओं में आ गई है। जॉइनिंग से पहले जेई साहब ने चेले को साथ रख लिया। यही नहीं चेले पर प्रेम दिखाते हुए उसको ग्रुप में जोड़ने व लाइन स्टॉफ के साथ काम करने के लिए भी अन्य कर्मचारियों पर दबाव डाला।
जेई और कर्मचारी का इतिहास…
इस खबर में जिस जेई और कर्मचारी के कारनामें को हम आपके सामने ला रहे है वह कोई साधारण व्यक्ति नहीं है। उनका इतिहास दाग़ और आरोपों से घिरा हुआ है। बात करें जेई साहब की तो वह इस क्षेत्र में करीब पिछले पांच वर्षों से जमे है। उनके खिलाफ बिजली चोरी कराने, पैसे लेकर बकाया सम्पत्तियों पर अवैध रूप से नए कनेक्शन देने सहित कई आरोप लग चुके है। जेई के खिलाफ एमडी तक को कई शिकायते की जा चुकी है। वहीं, अगर कर्मचारी की बात करें तो वह बीते कुछ माह पहले ही एक उपभोक्ता से बिजली के बिल को सेटल करने के नाम पर करीब एक लाख रुपए लेने और उन्हें हज़म कर लेने के मामले में कार्रवाई की जद में आया था। जिसके बाद उसका ट्रांसफर कर दिया गया था। लेकिन एक बार फिर पैसे कमाने की लालसा और राजनैतिक बल का प्रयोग करते हुए वह अपने उसी क्षेत्र में वापस लौट आया है। साथ ही पहले दिन ही अपने कारनामों से विभाग का नाम रोशन करना भी शुरू कर दिया है। बता दें कि उक्त कर्मचारी बिजली चोरी कराने में माहिर है। इसी कारण जेई ने उसे अपना सिपहसालार नियुक्त किया हुआ है। वह ही शहर के बड़े-बड़े प्रतिष्ठानों व मार्किट में चोरी कराता है और अपना हिस्सा काट कर अपने गुरु जेई साहब को पहुँचता है।



