जनपद वासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने की दिशा में बड़ा कदम: जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के प्रयासों से रुड़की में 9 बेड का आधुनिक ट्रॉमा सेंटर तैयार

रुड़की। मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में जनपद के अस्पतालों में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित लगातार प्रयासरत हैं। इसी कड़ी में उनके प्रयासों से जे एन सिन्हा मेमोरियल उप जिला चिकित्सालय रुड़की में 20 लाख रुपये की लागत से 9 बेड का अत्याधुनिक आपातकालीन ट्रॉमा सेंटर तैयार किया गया है।
जिलाधिकारी द्वारा पूर्व में चिकित्सालय का निरीक्षण किया गया था, जिसमें आपातकालीन सेवाओं में कमी पाई गई थी। इस पर त्वरित संज्ञान लेते हुए उन्होंने सीएसआर के माध्यम से ट्रॉमा सेंटर की स्थापना एवं सौंदर्यकरण का कार्य सुनिश्चित कराया। अब यह ट्रॉमा सेंटर आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित है और आपातकालीन स्थिति में आने वाले मरीजों का उपचार शुरू कर दिया गया है।
गंभीर रूप से घायल अथवा बीमार मरीजों को अब तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो रही है, जिससे समय पर उपचार मिलना संभव हो पाया है और जीवन रक्षा में भी मदद मिल रही है। क्षेत्रवासियों के लिए यह सुविधा किसी वरदान से कम नहीं मानी जा रही है।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ ने आज ट्रॉमा सेंटर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी के प्रयासों से सीएसआर के माध्यम से तैयार यह 9 बेड का ट्रॉमा सेंटर आधुनिक तकनीक से लैस है और मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने सीएमएस को निर्देशित किया कि मरीजों के उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।



