उत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरेंहरिद्वार

हड़कंप:निगम भूमि घोटाले में धाकड़ कार्यवाही से भ्रष्ट अधिकारियों में खलबली,एक दर्जन अधिकारियों की नप चुकी गर्दन

हमज़ा राव।

हरिद्वार। नगर निगम के 54 करोड़ के जमीन घोटाले में धामी सरकार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मौजूदा जिलाधिकारी कर्मेन्द्र सिंह, पूर्व नगर आयुक्त वरुण चौधरी और एसडीएम अजयवीर सिंह को सस्पेंड कर दिया। इसके साथ ही वरिष्ठ वित्त अधिकारी व कानूनगो सहित अन्य पर भी गाज गिरी है। जनपद में पहली बार किसी जिलाधिकारी को पद पर रहते हुए सस्पेंड किया गया है। वहीं मामले में अब विजिलेंस जमीन घोटाले की जांच करेंगी। साथ ही भूमि खरीद के विक्रय पत्र निरस्त करते हुए, भूस्वामियों को दिए गए धन की रिकवरी के भी निर्देश दिए हैं। सीएम ने पूर्व नगर आयुक्त वरुण चौधरी के कार्यकाल के दौरान नगर निगम हरिद्वार में हुए सभी कार्यों का विशेष ऑडिट कराए जाने के भी निर्देश दिए हैं।

गौरतलब है कि नगर निगम ने सराय गांव में कूड़े के ढेर के पास अनुपयुक्त लगभग 54 करोड़ की लागत से 35 बीघा भूमि क्रय की थी। यह राशि निगम को हरिद्वार रिंग रोड के निर्माण के दौरान मुआवजे के रूप में प्राप्त हुई थी।खरीदी गई भूमि की तत्काल कोई आवश्यकता नहीं थी और इसकी उपयोगिता भी स्पष्ट नहीं थी। इसके बावजूद नगर निगम ने इसे ऊंचे दामों पर खरीद लिया। मामला प्रकाश में आने पर इसकी प्राथमिक जांच की गई। जिसमें सामने आया कि भूमि का सर्किल रेट उस समय लगभग 6,000 रुपये प्रति वर्ग मीटर था, जिसके अनुसार इसकी कीमत लगभग 15 करोड़ रुपये होनी चाहिए थी। लेकिन इसे 54 करोड़ रुपये में खरीदा गया जो कि सामान्य मूल्य से भी तीन गुना अधिक है। इस लेन-देन में टेंडर प्रक्रिया का भी पालन भी नहीं किया गया, जो स्पष्ट रूप से सरकारी खरीद नियमों का उल्लंघन है। जांच में प्रथम दृष्ट्या अनियमितता पाए जाने पर नगर निगम के प्रभारी सहायक नगर आयुक्त रविंद्र कुमार दयाल, अधिशासी अभियंता आनंद सिंह मिश्रवाण, कर एवं राजस्व अधीक्षक लक्ष्मीकांत भट्ट और कर्मचारी दिनेश चंद्र कांडपाल को भी सस्पेंड किया गया। साथ ही संपत्ति लिपिक वेदवाल का सेवा विस्तार समाप्त कर दिया गया है और उनके खिलाफ अनुशासनिक कार्यवाही के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर शासन ने मामले की जांच आईएएस अधिकारी रणवीर सिंह को सौंपी। उन्होंने अपनी जांच के दौरान हरिद्वार के जिलाधिकारी कर्मेंद्र सिंह, तत्कालीन नगर आयुक्त आईएएस वरुण चौधरी तथा पीसीएस अधिकारी एसडीएम अजयवीर सिंह से भी पूछताछ की। जांच में सामने आया कि जिस ज़मीन को खरीदा गया है उसकी प्रक्रिया कृषि भूमि के दामों पर शुरू की गई थी, लेकिन अंत में उसे वाणिज्यिक दरों पर खरीदा गया। इस मामले में लैंड कमिटी भी नहीं बनाई गई। रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि उप जिलाधिकारी सदर के पद पर रहते हुए पीसीएस अजयवीर सिंह ने मात्र 2 से 3 दिनों में 143 की पूरी कार्रवाई पूरी कर दी, और फाइल को जल्दी निपटाने के लिए अपने स्टेनो को राजस्व अभिमत देने का काम सौंप दिया। यह प्रक्रिया न केवल असामान्य रूप से तेज़ थी, बल्कि नियमों की अनदेखी भी की गई। ज़िलाधिकारी कर्मेंद्र सिंह ने प्रशासनिक प्रमुख होते हुए लैंड पुलिंग कमेटी की अनुमति के बिना ही ज़मीन की खरीद की अनुमति दे दी।

गुरुवार दोपहर को उन्होंने अपनी करीब 100 पेजों की रिपोर्ट सचिव शहरी विकास को सौंपी। रिपोर्ट में ऊंचे दाम में भूमि खरीद, भूमि खरीद की तय प्रक्रिया का अनुपालन न करने और भू उपयोग परिवर्तन को लेकर अधिकारियों की भूमिका संदिग्ध बताते हुए उन पर कार्यवाही संस्तुति की गई। जिसके बाद रिपोर्ट मिलते ही धामी सरकार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हरिद्वार के जिलाधिकारी कर्मेन्द्र सिंह, पूर्व नगर आयुक्त वरुण चौधरी और एसडीएम सदर रहे अजयवीर सिंह (वर्तमान में एसडीएम भगवानपुर) को सस्पेंड कर दिया है। साथ ही वरिष्ठ वित्त अधिकारी निकिता बिष्ट, कानूनगों राजेश कुमार, तहसील प्रशासनिक अधिकारी कमलदास, और वरिष्ठ वैयक्तिक सहायक विक्की को भी निलंबित किया गया। सरकार की कार्रवाई से प्रदेश भर में हड़कंप मच गया। यही नहीं मामले में अब विजिलेंस जमीन घोटाले की जांच करेंगी। साथ ही भूमि खरीद के विक्रय पत्र निरस्त करते हुए, भूस्वामियों को दिए गए धन की रिकवरी के भी निर्देश दिए हैं। सीएम ने पूर्व नगर आयुक्त वरुण चौधरी के कार्यकाल के दौरान नगर निगम हरिद्वार में हुए सभी कार्यों का विशेष ऑडिट कराए जाने के भी निर्देश दिए हैं।

Arif Ansari

Chief Editor Dastak 24x7 News

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!