देहरादून अर्जुन हत्याकांड: हाई लेवल मीटिंग के बाद पुलिस का एक्शन, 24 घंटे के भीतर शूटर व साथी को मुठभेड़ में लगी गोली, गिरफ्तार

राजधानी। देहरादून में हुए सनसनीखेज अर्जुन हत्याकांड के बाद सरकार और पुलिस महकमा पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आया। बुधवार को मुख्यमंत्री ने कानून व्यवस्था को लेकर हाई लेवल बैठक ली थी, जिसमें साफ निर्देश दिए गए कि राजधानी में अपराध किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इसी कड़ी में तेज-तर्रार आईपीएस और आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण कर अधीनस्थ अधिकारियों के पेंच कसे थे। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा था कि शूटरों की गिरफ्तारी में कोई ढिलाई नहीं होनी चाहिए और जल्द से जल्द नतीजा सामने आना चाहिए।
सरकार और आला अधिकारियों की सख्ती का असर 24 घंटे के भीतर ही दिख गया। जिले भर में नाकेबंदी, सघन चेकिंग और लगातार दबिश के बीच पुलिस ने मुख्य शूटर और उसके सहयोगी को अलग-अलग स्थानों पर मुठभेड़ के दौरान धर दबोचा।
तड़के रायपुर थाना क्षेत्र के लाडपुर जंगल में चेकिंग के दौरान एक बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी और उसे मौके से गिरफ्तार कर कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया।
दूसरी कार्रवाई लालतप्पर चौकी क्षेत्र में हुई, जहां स्कूटी सवार आरोपी ने पुलिस के रुकने के इशारे को नजरअंदाज कर भागने की कोशिश की। पीछा करने पर वह एक खंडहर फैक्ट्री में घुस गया और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी और उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया।
राजधानी में लगातार हो रही वारदातों के बीच यह कार्रवाई पुलिस के लिए बड़ी सफलता मानी जा रही है। फिलहाल दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है और हत्याकांड से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।



