लक्सर गोलीकांड: 24 घंटे में खुलासा, आरोपी गिरफ्तार — लापरवाही पर कमांडर का एक्शन

हरिद्वार। एसएसपी हरिद्वार के कुशल नेतृत्व एवं प्रभावी पर्यवेक्षण में लक्सर क्षेत्र में हुए सनसनीखेज गोलीकांड का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है, वहीं सुरक्षा में गंभीर लापरवाही बरतने पर एक दरोगा और दो कांस्टेबल को निलंबित कर दिया गया है।

बुधवार को हिस्ट्रीशीटर विनय त्यागी को रुड़की जेल से लक्सर न्यायालय में पेशी के लिए ले जाया जा रहा था। इसी दौरान बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस वाहन पर फायरिंग करते हुए विनय त्यागी को निशाना बनाया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद जिलेभर में नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
पुलिस की गठित अलग-अलग टीमों ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को थाना खानपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिकंदरपुर के जंगलों से, बिजनौर हाईवे के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचे भी बरामद किए गए हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि पैसे मांगने के विवाद में विनय त्यागी लगातार सन्नी यादव को जान से मरवाने की धमकी दे रहा था। इसी रंजिश के चलते सन्नी ने अपने साथी अजय के साथ मिलकर बदले की नीयत से वारदात को अंजाम दिया। दोनों आरोपी पहले भी काशीपुर में हुई डकैती के मामले में जेल जा चुके हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
सन्नी यादव उर्फ शेरा पुत्र कमल सिंह, निवासी गुलजारपुर, थाना काशीपुर, जनपद उधमसिंह नगर (उम्र 28 वर्ष) – मुख्य अभियुक्त
अजय पुत्र कुंवर सैन, निवासी खरमासा कॉलोनी, थाना कोतवाली काशीपुर, जनपद उधमसिंह नगर (उम्र 24 वर्ष)
पेशी के दौरान फायरिंग: पुलिस सुरक्षा में बड़ी चूक
फायरिंग की घटना को एसएसपी हरिद्वार ने बेहद गंभीरता से लिया है। प्रारंभिक जांच में सुरक्षा में लापरवाही पाए जाने पर एक उपनिरीक्षक और दो कांस्टेबल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच पुलिस अधीक्षक ग्रामीण को सौंपी गई है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई लगातार जारी है।



