शातिर चोर के एटीएम तोड़कर नगदी उड़ाने के प्लान पर पुलिस ने फेरा पानी

हरिद्वार। रानीपुर क्षेत्र में एटीएम तोड़कर नगदी पार करने की साजिश को पुलिस टीम ने नाकाम कर दिया। पूरी कार्रवाई नवनीत सिंह (एसएसपी) के निर्देशन व प्रभारी निरीक्षक रानीपुर के नेतृत्व में अंजाम दी गई।
रावली महदूद सिडकुल निवासी कुलदीप जोशी द्वारा दी गई सूचना के अनुसार 21.02.2026 की रात्रि में शिवलोक कालोनी स्थित WLA SPOT के एटीएम में अज्ञात चोर ने घुसकर लॉक तोड़ते हुए चोरी का प्रयास किया। सूचना पर कोतवाली रानीपुर में मु0अ0सं0 56/2026 धारा 305(ए), 62, 324(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान सुरागरसी-पतारसी व मुखबिर की सूचना के आधार पर 23.02.2026 को पुलिस टीम ने शिवलोक स्थित वॉटर वर्क्स ग्राउंड के पास से लविश नामक आरोपी को दबोच लिया। तलाशी में उसके कब्जे से एटीएम का टूटा हुआ लॉक व चोरी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पहले भी चोरी व अवैध असलाह के मामलों में जेल जा चुका है और हाल ही में जमानत पर बाहर आया था। मुकदमों व अन्य खर्चों को पूरा करने के लिए उसने एटीएम तोड़कर नगदी हासिल करने की योजना बनाई, लेकिन पुलिस की सक्रियता से उसके मंसूबे धरे रह गए।
आरोपी लविश पुत्र लक्ष्मी चंद, निवासी वॉटर वर्क्स कॉलोनी, शिवलोक कालोनी, हरिद्वार (उम्र 20 वर्ष) के विरुद्ध मुकदमे में धारा 331(4) बीएनएस की बढ़ोतरी करते हुए चालान कर माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है।



