जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर हरिद्वार में परिवहन विभाग ने चलाया बड़ा चेकिंग अभियान

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में परिवहन विभाग द्वारा रविवार को सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि एआरटीओ नेहा झा के नेतृत्व में शहर के प्रमुख चौराहों और संवेदनशील मार्गों पर सघन चेकिंग की गई।

अभियान के दौरान ट्रिपल राइडिंग, बिना हेलमेट वाहन संचालन और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई। दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाकर चलने, आवश्यक अभिलेख साथ न रखने तथा सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने पर कुल 50 चालान किए गए, जबकि गंभीर उल्लंघन पाए जाने पर 10 वाहनों को सीज किया गया।
इस दौरान कई वाहन चालकों को मौके पर ही यातायात नियमों की जानकारी देते हुए सख्त चेतावनी भी दी गई।

एआरटीओ (प्रशासन) निखिल शर्मा ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह अभियान आगे भी लगातार और अधिक सख्ती के साथ जारी रहेगा। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे हेलमेट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें, ट्रिपल राइडिंग से बचें और सभी यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित यातायात व्यवस्था में सहयोग दें।



